खाटूश्यामजी मेला समीक्षा
Spread the love

खाटूश्यामजी फाल्गुन लक्खी मेला 21 से 28 फरवरी तक आयोजित होगा

संभागीय आयुक्त पूनम ने मेले की व्यवस्थाओं के संबंध में ली प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक

एक्सपायरी डेट वाले सामान बेचने वाले दुकानदारों एवं भंडारे,लंगर आयोजकों पर होगी कड़ी कार्रवाई – जिला कलेक्टर

सीकर, 17 फरवरी। बाबा खाटूश्याम का फाल्गुन लक्खी मेला 21 फरवरी से शुरू हो रहा है। फाल्गुन लक्खी मेला 21 से 28 फरवरी 2026 तक आयोजित होगा। मंगलवार को वार्षिक फाल्गुन लक्खी मेले की तैयारी और व्यवस्थाओं को लेकर संभागीय आयुक्त जयपुर पूनम, जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा, पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक ने मेले की व्यवस्थाओं से जुडे संबंधित विभागीय अधिकारियों की खाटूश्यामजी में थाना परिसर में बैठक ली। संभागीय आयुक्त पूनम ने कहा कि बाबा श्याम के लक्खी मेले में आने वाले श्याम भक्तों को सुगमतापूर्वक दर्शन हो, इसके लिए सम्पूर्ण व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी। *ये व्यवस्था रहेगी*:250 वायरलेस सेट 44 डिजिटल स्क्रीन एवं श्याम सारथी ऐप द्वारा मेले की समग्र मॉनिटरिंग की जाएगी श्याम सारथी पोर्टल पर पार्किंग, मेडिकल कैंप, ऑनलाइन रूट दर्शन व्यवस्था सहित भंडारो एवं वाहनों सहित विभिन्न प्रकार के पास की अनुमति इसी ऐप के माध्यम से दी जाएगी मेला एरिया में लगने वाली सभी डिजिटल स्क्रीन पर पार्किंग व्यवस्था, मेला दर्शन व्यवस्था सहित अन्य महत्वपूर्ण अनाउंसमेंट किए जाएंगे। मेले के दौरान प्राइवेट बसों का किराया निर्धारित किया जाएगा, इसके बाद उसी के अनुसार बस चालक किराया लेंगे। मेला अवधि के दौरान कुल 300 रोडवेज का संचालन किया जाएगा, जिनमें से 50 रोडवेज का संचालन रींगस से खाटू रोड पर किया जाएगा। मेले के दौरान कुल 14 मेडिकल बूथ स्थापित किये जायेंगे, जहां श्रृद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएगी, साथ ही 8 बाइक एंबुलेंस सहित कुल 31 एंबुलेंस मेला मेला अवधि में तैनात रहेगी। श्रृद्धालुओं के पेयजल सुविधा के लिए एक करोड़ पानी के पाउच एवं 25 पानी की टंकियां सहित पानी के टैंकर की व्यवस्था की जाएगी। दुकानों एवं भंडारों में एक्सपायरी डेट का सामान बेचने और खिलाने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। इस बार सांवलपुरा पार्किंग का विस्तार किया गया है, जहां अतिरिक्त वाहनों की पार्किंग की जा सकेगी। मेला परिसर को 9 सेक्टर में बांटा जाकर बुधवार से ही 4000 के करीब जवानों को तैनात किया जाएगा। मेले से संबंधित सभी तरह की अनुमतियां देने एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए ‘श्याम सारथी’ के नाम से पोर्टल विकसित किया गया है, जिस पर सभी तरह की अनुमतियों के अप्रूवल ऑनलाइन दिए जाएंगे तथा इसी के माध्यम से मेले की समग्र मॉनिटरिंग की जाएगी। मंदिर एवं मेला परिसर में कुल 44 डिजिटल स्क्रीन्स लगाई जाएगी, जिसके माध्यम से मेले से संबंधित सभी तरह की जानकारियां इन डिजिटल स्क्रीन्स पर साझा की जाएगी। खाटू श्याम जी को जोड़ने वाली सभी अप्रोच सड़क पर क्यूआर कोड स्कैनर्स लगाए जाएंगे, जिनको स्कैन कर संबंधित रूट से आने वाले भक्तगण पार्किंग स्थल की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। मेला अवधि के दौरान श्याम कुंड पूर्णतया बंद रहेगा, मेला अवधि में डीजे पर पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा। मेले में इस बार सरकारी प्रोटोकॉल वाले वीआईपी लोगों को छोड़कर सभी के लिए वीआईपी दर्शन व्यवस्था पूर्णतया बंद रहेगी। खाटू पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सुगम परिवहन कराने के लिए इस बार क्यूआर कोड जारी किया जाएगा। श्रृद्धालु यह क्यूआर कोड स्कैन कर पार्किंग स्थल तक आसानी से पहुंच सकेंगे और सुगमता से बाबा श्याम के दीदार कर सकेंगे। मंडा मोड एवं रींगस के खाटू मोड़ से मंदिर तक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। छोटी कांच की इत्र की शीशियां बेचने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई की जाएगी।बैठक में जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, रसद विभाग को मिलावटी भोजन एवं समयावधिपार खाद्य पदार्थ के सैंपल लेकर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका क्षेत्र में आने वाली नालियों की साफ—सफाई करने, विद्युत के झूलते हुए तारों को सही करने, सड़कों को दुरुस्त करवाने, साफ—सफाई के लिए अतिरिक्त कचरा पात्र एवं कचरा को एकत्रित करने के लिए अतिरिक्त ऑटो टीपर लगाने के निर्देश दिए। मंदिर परिसर में महिला होमगार्ड एवं सिविल डिफेंस के वालियंटर लगाने, मंडा मार्ग पर पैदल श्रृद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए लाइटिंग की व्यवस्था करने, जयपुर—खाटू राष्ट्रीय राजमार्ग पर डेडीकेटेड पैदल पथ को सही ढंग से तैयार करने, ई-रिक्शा चालकों के लिए अलग-अलग जोन बनाए जाएंगे और उनके सीमित संख्या में पास जारी किये जायेंगे तथा बिना पास वाले ई-रिक्शा को जप्त करने के साथ ही सीज करने की कार्यवाही की जायेगी। जिला कलेक्टर शर्मा ने सार्वजनिक निर्माण विभाग को प्रमुख प्वाइंट चिन्हित कर बैरिकेडिंग करने, फ्लेक्सी पर्दे और सुगम कतार प्रणाली लागू करने, 4 कंट्रोल रूम स्थापित किए जाने, बिजली व फायर सेफ्टी प्रमाण पत्र अनिवार्य करने, लामियां पीएचसी सहित आसपास के क्षेत्र के निजी व सरकारी अस्पताल को अलर्ट रखने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ तेजपाल सिंह, एडीएम सिटी भावना शर्मा, नीमकाथाना अतिरिक्त जिला कलेक्टर भागीरथ शाख, रींगस एडिशनल एसपी दीपक गर्ग, रींगस एसडीएम बृजेश गुप्ता, दांतारामगढ़ एसडीएम एवं मेला मजिस्ट्रेट मोनिका सामोर, सहायक मेला मजिस्ट्रेट महिपाल सिंह राजावत, खाटू थाना अधिकारी पवन चौबे, श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह, मैनेजर संतोष शर्मा सहित बैठक से जुड़े संबंधित विभागों के जिला एवं उपखंड स्तरीय अधिकारी, मंदिर कमेटी एवं व्यापार संघ के पदाधिकारी, मीडिया कर्मी उपस्थित रहें।