Spread the love

*राजस्थान पुलिस ने तैयार किया सुरक्षा और सुविधा का अभूतपूर्व खाका

जयपुर, 20 फरवरी। राजस्थान के सीकर जिले में स्थित विश्वविख्यात तीर्थ खाटू श्याम जी मंदिर में 21 से 28 फरवरी तक आयोजित होने वाला फाल्गुनी मेला इस वर्ष आस्था, अनुशासन और आधुनिक प्रबंधन का अद्भुत संगम बनने जा रहा है। लगभग 35 लाख श्रद्धालुओं के आगमन के अनुमान के बीच पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार राजस्थान पुलिस, जिला प्रशासन और श्री श्याम मंदिर कमेटी, खाटूश्याम धाम ने आपसी समन्वय से सुरक्षा, यातायात, दर्शन व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं, ताकि हर भक्त सुरक्षित, सहज और श्रद्धामय अनुभव के साथ बाबा के दरबार तक पहुंच सके। इस वर्ष की रणनीतियों में तकनीकी नवाचार और श्रद्धालुओं के प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया है।

*रिंगस से खाटू तक समर्पित पैदल कॉरिडोर

पदयात्रियों की परंपरा को सम्मान देते हुए रिंगस से खाटू तक 17 किलोमीटर लंबा विशेष पैदल कॉरिडोर तैयार किया गया है। यह पैदल मार्ग पूरी तरह वाहनों से मुक्त रहेगा और अनधिकृत प्रवेश पर सख्त रोक रहेगी। पूरे रास्ते में पेयजल, प्रकाश, शौचालय और विश्राम की सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जबकि पुलिस बल की सतत निगरानी से सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। यह कॉरिडोर न केवल भीड़ के सुव्यवस्थित प्रवाह को बनाए रखेगा, बल्कि पदयात्रा को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाएगा।

*सुरक्षा कवच : 22 सेक्टर, 350 सब-सेक्टर और हाईटेक निगरानी

एडीजी लॉ एंड आॅर्डर वी.के.सिंह ने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा की दृष्टि से राजस्थान पुलिस ने पूरे क्षेत्र को 22 मुख्य सेक्टर और 350 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है वहीं 5 हजार से अधिक पुलिस अधिकारियों व जवानों को तैनात किया गया है। प्रमुख बिंदुओं पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता, अस्थायी चौकियां और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। पूरे मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और केंद्रीकृत कंट्रोल रूम से रीयल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए राजस्थान पुलिस के सोशल मीडिया यथा इंस्टाग्राम, फेसबुक व एक्स पर मेले से संबंधित समस्त प्रकार की सूचनाओं को प्रसारित किया जाएगा।