मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने खाटू श्याम जी में स्वदेश दर्शन योजना के कार्यों का किया निरीक्षण।
Spread the love

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने खाटू श्याम जी में स्वदेश दर्शन योजना के कार्यों का किया निरीक्षण

सीकर, 25 जुलाई। राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शनिवार को सीकर की खाटूश्यामजी में स्वदेश दर्शन योजना के अंतर्गत 52 बीघा पार्किंग में संचालित विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि सभी संबंधित विभागों में समन्वय स्थापित कर खाटू श्याम जी में चल रहे भव्य निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने आगामी दिनों में संबंधित विभागीय अधिकारियों की विस्तृत बैठक लेकर कार्ययोजना तैयार करने तथा उसे मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के समक्ष प्रस्तुत करने की बात कही । निरीक्षण के उपरांत मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने बाबा श्याम के दर्शन किए और देश व प्रदेश की उन्नति एवं सुख-समृद्धि की मंगल कामना की।

इस अवसर पर राजस्थान धरोहर प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता, देवस्थान विभाग की शासन सचिव शुचि त्यागी, जिला कलेक्टर
आशीष मोदी, पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक सहित पर्यटन विभाग की शासन सचिव, स्थानीय निकाय विभाग के शासन सचिव रवि जैन, अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. राकेश कुमार मीणा, एडीएम सिटी भावना शर्मा, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता रामावतार कुमावत, जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता चुनीलाल भास्कर, दातारामगढ़ उपखंड अधिकारी अमृता खंडेलवाल, आरएसआरडीसी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रमोद कुमार, दांतारामगढ़ भाजपा प्रत्याशी गजानंद कुमावत एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।